कैराना। पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में निरन्तर हो रही वर्षा के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में अधिकतम 2.81 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। इससे कैराना क्षेत्र में यमुना नदी उफान पर पहुंच जाएगी। इसे लेकर खादर क्षेत्र के किसानों की धड़कने भी तेज हो गई है। वहीं, यमुना में पानी छोड़े जाने के चलते हाईअलर्ट जारी किया गया है। ड्रेनेज विभाग ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट करते हुए खादर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए है।
पिछले कई दिनों से पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में निरन्तर वर्षा हो रही है, जिस कारण हथिनीकुंड बैराज पर पानी का दबाव बढ़ गया। बैराज पर पानी के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए रविवार आधी रात के बाद से यमुना नदी में भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। रात्रि करीब एक बजे 2,39,635 क्यूसेक पानी यमुना में डिस्चार्ज किया गया। इसके बाद यमुना में छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा में निरन्तर वृद्धि होती गई। रात्रि दो बजे 2,53,326 क्यूसेक, तीन बजे 2,67273 व सोमवार तड़के चार बजे अधिकतम 2,81470 लाख जल यमुना में छोड़ा गया। इसके बाद बैराज से छोड़े जाने वाले पानी में आंशिक कमी आई। सोमवार प्रातः आठ बजे 2,57,947 क्यूसेक, दस बजे 2,39,635 क्यूसेक व ग्यारह बजे 2,30,652 क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा गया। यमुना में छोड़े गए पानी की सूचना पर खादर क्षेत्र के किसानों की चिंता में वृद्धि हो गई है। यमुना नदी में छोड़ा गया पानी इस वर्ष का अभी तक सर्वाधिक है। बैराज से छोड़ा गया पानी अगले 24 घंटे में कैराना पहुंच जाएगा, जिससे क्षेत्र में यमुना नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि होगी। यमुना के उफान पर आने से खादर क्षेत्र के किसानों की फसलों को नुकसान होने की संभावनाएं जताई जा रही है। यमुना में पानी छोड़े जाने के साथ ही हाईअलर्ट जारी किया गया है। बाढ़ चौकियों को अलर्ट रहकर खादर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। ड्रेनेज विभाग के अवर अभियंता आशु कुमार ने बताया कि रविवार प्रातः आठ बजे कैराना में यमुना का बहाव 229 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि सोमवार प्रातः ग्यारह बजे तक यह 1.05 मीटर की वृद्धि के साथ 230.05 मीटर पर पहुंच गया। उन्होंने बताया कि यमुना में पानी छोड़े जाने से जलस्तर में वृद्धि होगी। कैराना में यमुना का चेतावनी बिंदु 231.000 मीटर, जबकि खतरे का निशान 231.500 मीटर पर निर्धारित है। क्षेत्र में बाढ़ चौकियों को अलर्ट किया गया है।