शामली में दो युवकों ने गढ़ीपुख्ता थानाध्यक्ष और उनके साथी इंस्पेक्टर (Inspector) के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। इस दौरान थानाध्यक्ष की फर्दी भी फट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आदर्श मंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गढ़ीपुख्ता थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह और इंस्पेक्टर हरिराज सिंह मंगलवार रात शामली में क्राइम मीटिंग में भाग लेकर कार से वापस गढ़ीपुख्ता थाने जा रहे थे। पूर्वी यमुना नहर पटरी मार्ग पर जिला अस्पताल के पास दो युवकों ने बाइक आगे लगाकर उनकी कार रोक दी। थानाध्यक्ष और इंस्पेक्टर अपनी कार से उतरे तो दोनों युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी नशे की हालत में थे। गाली-गलौज का विरोध करने पर युवकों ने मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। हंगामा बढ़ता देख अन्य लोगों की मदद से थानाध्यक्ष ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए दोनों आरोपी झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव पिंडोरा के रहने वाले विशाल और गौरव पुत्र मगन सिंह हैं। दोनों आरोपी सगे भाई है। विशाल दिल्ली पुलिस (Delhi Police) में और गौरव बीएसएफ (BSF) का जवान बताया जा रहा है।
थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह की तरफ से दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट कर वर्दी फाड़ने, गाली-गलौज के आरोप लगाए गए हैं।