शामली। गांव टोडा में खेत से लौट रहे किसान पर हमला करने के मामले में पुलिस ने प्रधान समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

गांव टोडा निवासी पद्म सिंह को दो दिन पहले खेत से घर लौटते हुए रास्ते में मारपीट कर दी थी और चाकू से हमला कर घायल कर दिया था। किसान ने ग्राम प्रधान सोनू, श्रीपाल व अन्नू के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोपियों को शक था कि पद्म सिंह ने प्रधान पक्ष के लोगों की अवैध कब्जे की शिकायत प्रशासन को की है। राजस्व टीम व पुलिस ने अवैध कब्जे को मुक्त करा दिया था। इससे क्षुब्ध ग्राम प्रधान व उसके साथियों ने खेत से लौट रहे किसान पद्म सिंह को रास्ते में पकड़कर मारपीट कर दी थी और चाकू से वार कर घायल कर दिया था। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर ग्राम प्रधान समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।