अंबाला. हरियाणा के अंबाला में CISF में तैनात एक्टिवा सवार महिला कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत हो गई। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर अंबाला कैंट शास्त्री कॉलोनी कट के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। मृतका की शिनाख्त UP के शामली के गांव बंत निवासी मिंटो कुमारी के रूप में हुई है। महिला अपने पति प्रदीप कुमार के साथ छुट्टियों के बाद वापस चंडीगढ़ ड्यूटी पर लौट रही थी।
शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार ने बताया कि वह CISF में हवलदार के पद पर तैनात है। उसकी पत्नी मिंटो कुमारी भी CISF में बतौर कांस्टेबल तैनात थी। दोनों की पंजाब एंड हरियाणा सिविल सेक्रेट्रिएट सेक्टर-1 चंडीगढ़ में पोस्टिंग थी।
प्रदीप ने बताया कि उसका 8 वर्षीय बेटा वेदांश राणा और 4 वर्षीय बेटी आराध्या है। 17 दिसंबर को उन्होंने 10 दिन की छुट्टियां ली थी। वे छुट्टियों में अपने पैतृक गांव बंत जिला शामली उत्तर प्रदेश चले गए थे। छुटि्टयां पूरी होने के बाद 27 दिसंबर सुबह 11 बजे अपनी एक्टिवा पर वह वापस चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए थे।
प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने बुधवार को ड्यूटी जॉइन करनी थी। मंगलवार दोपहर बाद अंबाला कैंट पहुंचे। यहां बस स्टैंड से थोड़ा पीछे ओवर ब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक चालक ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी पत्नी को सिर, हाथ व पांव में चोटें आई। वह राहगीरों की मदद से उसकी पत्नी को अंबाला कैंट सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने उसकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया।
पड़ाव थाना पुलिस आज शव का पोस्टमॉर्टम कराएगी। वहीं, पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ धारा 279/304A के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।