शामली। आगामी 5 जनवरी को राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा कैराना पहुंचेगी। इस लेकर कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश चेयरमैन शाहनवाज आलम ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर विपक्ष के नेताओं पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा को हटाने के लिए सड़क से संसद तक कांग्रेस संघर्ष करेगी।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी पांच घंटे ऊंचागांव में बनाए जा रहे कैंपस में विश्राम करेंगे। पार्टी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश चेयरमैन शाहनवाज आलम ने आर्यपुरी देहात स्थित पूर्व ग्राम प्रधान पति व कांग्रेस नेता सत्तार के आवास पर कहा कि लोगों में भारत जोड़ो यात्रा को लेकर भारी उत्साह है। कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती व रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी को पत्र भेजकर यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। दो दिन पहले अखिलेश यादव ने यात्रा में शामिल होने से इंकार कर दिया।

उन्होंने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर प्रहार करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी बीजेपी के हाथों में खेल रही है। सपा में नैतिक साहस नहीं हैं। उन्होंने अखिलेश पर भाजपा के साथ रामपुर के मुसलमानों का मैनपुरी सीट के लिए सौदा करने का भी आरोप लगाया। जनता चाहती है कि विपक्ष के सभी नेता भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चले। यह राजनीतिक यात्रा नहीं हैं। भारत को जोड़ने की यात्रा हैं। हम चाहते हैं देश मजबूत हो। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे व राष्ट्रीय नेतृत्व के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
इस दौरान शामली जिला अध्यक्ष दीपक सैनी, नगर अध्यक्ष शमशीर खान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अखलाक चौधरी आदि मौजूद रहे।