थानाभवन क्षेत्र के गांव चंदेनामाल निवासी किशोर बुधवार देर सांय मां की डांट से क्षुब्ध होकर घर से लापता हो गया। घंटों बाद तक नहीं लौटा। बाद में परिजनों को व्हट्सएप पर मैसेज भेजकर 18 लाख की फिरौती मांगी गई। पहले तो परिजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। बाद में उसे परिजनों और पुलिस ने सहारनपुर के आसपास से बरामद कर लिया है।

थानाभवन थाना क्षेत्र के गांव चंदेनामाल निवासी 14 वर्षीय आशीष पुत्र अरविंद घर से खेत पर जाने के लिए निकला था। इस दौरान उसकी मां ने उसे किसी बात को लेकर डांट दिया था। इससे नाराज होकर वह लापता हो गया। कई घंटे बाद घरवालों के व्हाट्सएप पर अंजान नंबर से मैसेज कर 18 लाख की फिरौती मांगी गई। रुपये न देने पर छात्र की हत्या करने की धमकी दी गई है। फिरौती का मैसेज मिलते ही परिजन परेशान हो गए। पूरी रात बीतने के बावजूद भी गायब छात्र का पता नहीं चलने पर गुरुवार सुबह परिजन थाने पहुंचे। छात्र के चाचा कोशिन्द्र ने तहरीर देकर छात्र की सकुशल बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू की। फिरौती मांगने वाले नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया। गुरुवार को दोपहर में किशोर को बरामद कर लिया गया है।