शामली जनपद के कांधला में मामूली बात को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। जिसमें दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां पर पुलिस की मौजूदगी में घायलों का उपचार कराया गया। घटना के संबंध में पुलिस ने कुछ लोगों को भी हिरासत में लिया है।
गुरुवार रात कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान निवासी बिलाल व वाजिद के बीच मामूली विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों के बीच हंगामा पर जाने के बाद दर्जनों लोग मौके पर जमा हो गए। इस दौरान देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोगों में संघर्ष हो गया।
बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच हुए संघर्ष में वाजिद, साबिर, साजिद दूसरे पक्ष से आमिर, कादिर, एहसान, शाबीर सहित सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को मौके से तितर-बितर किया।
इसके बाद पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घटना के संबंध में पुलिस ने झगड़ा कर रहे कुछ लोगों को भी हिरासत में लिया है।