शामली| पहाड़ी और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के चलते हथिनी कुंड बैराज पर पानी का दबाव अधिक बढ़ गया। पानी का दबाव बढ़ने के कारण शनिवार सुबह 11 बजे हथिनी कुंड बैराज से यमुना नदी में छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा दो लाख 23 हजार क्यूसेक प्रति सेकंड हो गई। जिसके चलते रविवार सुबह तक यमुना खतरे के निशान को पार कर सकती है।

बता दें कि 11 जुलाई को हथिनी कुंड बैराज से यमुना नदी में अधिकतम पानी तीन लाख 20 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकंड डिस्चार्ज किए जाने के बाद यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार करते हुए 232.20 मीटर पर पहुंच गया था। जिसके बाद क्षेत्र में यमुना की बाढ़ से काफी नुकसान हुआ था। लेकिन बाद में हथिनी कुंड बैराज पर पानी का दबाव कम होता चला गया।

वहीं, शनिवार सुबह यमुना का जलस्तर चेतावनी बिंदु से एक मीटर कम 229 मीटर पर दर्ज किया गया। वहीं, पिछले दो दिन से पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हो रही मूलाधार बारिश के चलते हथिनी कुंड बैराज पर पानी का दबाव बढ़ गया। शनिवार सुबह आठ बजे हथिनी कुंड बैराज से यमुना नदी में 68357 क्यूसेक, सुबह नौ बजे 147857, सुबह 10:00 बजे 209042 और उसके बाद सुबह 11:00 बजे 223054 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड डिस्चार्ज किया गया। हथिनी कुंड बैराज पर पानी की मात्रा अभी और अधिक बढ़ने की संभावना है, जिसके कारण रविवार सुबह तक यमुना खतरे के निशान को पार कर सकती है।