शामली। जिले के हरियाणा से सटे बॉर्डर पर गांव तामशाबाद में यमुना में डूबे दो ओर बच्चों की लाशें मिलने से कोहराम मच गया। इस हादसे में अब यमुना में डूबकर मरने वाले बच्चों की संख्या 4 हो गई है। घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

हरियाणा के थाना सनौली के गांव तामशाबाद और यूपी के गांव नंगला राई के बीच गुरुवार को यमुना में नहाने के दौरान जमात में आए पांच किशोर यमुना में डूबने लगे थे। ग्रामीणों ने एक किशोर को बाहर निकाल लिया था जबकि चार किशोर गहरे कुंड में चले गए थे।

सनौली पुलिस प्रशासन ने हरियाणा के अलावा यूपी के दर्जनों गोताखोरों को मोटर बोट के सहारे किशोरों की तलाश में सर्च आपरेशन चलाया था। बृहस्पतिवार शाम गोताखोरों ने झालपाड़ निवासी समीर व सैफ अली के शव बरामद कर लिए थे। शुक्रवार सुबह से ही दर्जनों गोताखोरों ने बाकी दो किशोरों की तलाश में सर्च आपरेशन चलाया।

शुक्रवार शाम करीब पौन पांच बजे झालपाड़ निवासी वादिल के शव को यमुना से बाहर निकाल लिया। इसके 15 मिनट बाद ही गोताखोरों ने गांव झांब्बा निवासी अमीर के शव को भी यमुना से बाहर निकाल लिया। बाद में परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शवों को अपने साथ ले गए।