शामली। जिले में त्यौहारी सीजन में सफर काफी बढ जाता है। इस बार दीपावली ओर भैयादूज पर सफर करने वाले जिले के लोगों के लिए बुरी खबर है।

दीपावली और भैयादूज पर यात्रियों की भीड़ रहेगी। इसे लेकर परिवहन निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। शामली डिपो में निगम की कोई बस नहीं है। डिपो में 44 अनुबंधित बसें है। त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ेगी, लेकिन अतिरक्ति बसें नहीं चलेंगी।

दीपावली पर घर पहुंचने के लिए सभी ने तैयारी कर रखी है। इसके बाद भैयादूज का त्योहार भी है। जिसके कारण बसों व ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ रहेगी। शामली डिपो में परिवहन निगम की कोई बस न होने से पहले से ही बसों की कमी चल रही है। डिपो 44 अनुबंधित बसों के सहारे ही चल रहा है।

बसों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए निगम के अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है, लेकिन समस्या ये है कि अतिरिक्त बसों के संचालन की कोई व्यवस्था नहीं हो पाएगी। सिर्फ बसों के फेरे बढ़ाएं जाएंगे जो यात्रियों को कुछ राहत दे सकते हैं।

शामली बस स्टेशन के अधीक्षक राजेंद्र सिंह चौहान ने बताया त्योहारों पर बसों में यात्रियों की भीड़ रहती है। यात्रियों की सहूलियत के लिए बसों के फेरे बढ़ाएं जाएंगे।