शामली। जनपद के कांधला थाना क्षेत्र में दहेज के लिए एक महिला की हत्या किए जाने का समाचार प्रकाश में आया है। आरोप है कि महिला के ससुरालियों ने उसका अंतिम संस्कार करने के बाद मायके में फोन कर उसकी मौत की सूचना दी।

तीन दिन पहले कांधला थाना क्षेत्र के गांव रामडा में दहेज के लिए हुई अनु देवी की हत्या के मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित 6 ससुराल वालों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश डाल रही है।

कांधला थाना क्षेत्र के गांव इस्सोपुर टील निवासी ऋषि पाल ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री अनु देवी की शादी 2021 में रामडा निवासी दीपक के साथ हुई थी। ससुराल वाले दहेज के लिए उसकी पुत्री के साथ मारपीट करते थे। उसने कई बार पुत्री की ससुराल जाकर उन्हें समझाया लेकिन आरोपी दहेज की मांग करते रहते थे।

सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे पुत्री की ससुराल वालों ने उसे फोन करके बताया उनकी बेटी मर गई है। बेटी की मौत सूचना पर जब वह परिवार के अन्य लोगों के साथ बेटी की ससुराल पहुंचा तो उनके पहुंचने से पहले ही ससुराल वालों ने आनन फानन में उनकी बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया।

जब उन्होंने उनके पहुंचने से पहले बेटी के अंतिम संस्कार का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली गलौच और मारपीट की।

मामले में सीओ अमरदीप मौर्य ने बताया कि दहेज हत्या के आरोप में पति दीपक, सास चंद्रकली, ससुर ब्रह्म सिंह, जेठ सहेन्द्र, जेठानी सतबीरी और जेठ हरिमोहन निवासी गांव रामडा के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।