शामली। अपर दोआब चीनी मिल के बाॅयलर हाऊस में चल रहे बेमियादी धरने को पुलिस द्वारा जबरन उठाए जाने की अफवाह पर शामली गन्ना समिति के धरनारत खाप चौधरियो के नेतृत्व में किसान शामली चीनी मिल में पहुंच गए। इस दौरान हंगामा खड़ा हो गया। अफवाह पर रालोद, सपा नेता और किसान संगठन के नेता पहुंचे।

मौके पर पहुंचे एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया कि किसानों का धरना उठाने की मंशा नहीं है। किसान संयुक्त रूप से एक समिति बनाकर डीएम से वार्ता करें। वे किसानों की समस्या समाधान के लिए वार्ता को तैयार है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद में पिछले कई दिनों से शामली गन्ना सहकारी समिति में सर्वखाप समन्वय किसान मंच के नेताओं और खाप चौधरियों की वार्ता पहले एडीएम संतोष कुमार, बाद में डीएम रविंद्र कुमार सिंह, एसपी अभिषेक के साथ वार्ता हुुई।

शनिवार को डीएम कार्यालय कक्ष में सुबह दो घंटे शामली मिल के धरनारत किसानों का नेतृत्व कर रहे संजीव लिलौन के साथ किसानों की अधिकारियों से बातचीत हुई। डीएम से वार्ता के बाद संजीव शास्त्री शामली चीनी मिल में धरना स्थल आ गए।

शाम चार बजे के समय शामली चीनी मिल के बाॅयलर हाउस में संजीव लिलौन के नेतृत्व में चल रहे 90 वें दिन किसानों के बेमियादी धरना स्थल पर पुलिस का आना शुरू हो गया। थोड़ी देर के बाद पुलिस द्वारा किसानों को उठाए जाने की अफवाह फैल गई।

अफवाहों पर शामली गन्ना सहकारी समिति में धरना संयोजक संजीव चौधरी, थांबेदार श्याम सिंह बहावड़ी, संजय कालखंडे किसानों के साथ शामली चीनी मिल के धरना स्थल पर पहुुंचे। बाद में रालोद के जिलाध्यक्ष वाजिद अली, रालोद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष डाॅ. योगेंद्र चेयरमैन, सपा जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी समेत किसान शामली चीनी मिल के बाॅयलर हाऊस में पहुंच गए।

मौके पर एडीएम संतोष कुमार सिंह, एसडीएम सदर विनय कुमार भदौरिया, सीओ सदर श्याम सिंह आदि पहुंचे। एडीएम संतोष कुमार ने किसानों को आश्वासन दिया कि किसानों को धरना स्थल से नहीं उठाया जाएगा। धरनारत किसान एक सयुंक्त रूप से समिति बना ले।

डीएम किसानों की समस्या समाधान के लिए वार्ता करने को तैयार है। एडीएम ने बताया कि शामली चीनी मिल में धरनारत किसानों को जबरन उठाने की अफवाह फैलाई गई। 90 दिन बेमियादी धरने में संजीव लिलौन के नेतृत्व में जारी रहा। संचालन राजबहादुर सिंह की ओर से किया गया।