शामली : मोहल्ला गुजरातियान में निर्माणाधीन मकान में सो रहे लस्सी विक्रेता की रात को आग लगने पर जलने से मौत हो गई। सुबह घटना का पता चलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। बाद में परिजनाें ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मोहल्ला गुजरातियान निवासी पंकज उर्फ काला (52) पुराने घर को तोड़कर दोबारा निर्माण करा रहे थे। रोज की तरह मंगलवार रात को वे निर्माणाधीन मकान में सोए हुए थे। उन्होंने चारपाई के नजदीक अंगीठी जला रखी थी।

वहीं, बुधवार सुबह करीब आठ बजे उनका नौकर निर्माणाधीन मकान में पहुंचा तो तो पंकज मृत अवस्था में मिले। उनके पहने हुए कपड़े, चारपाई व अन्य कपड़े जले हुए मिले। रात के समय उनके कपड़ों में आग कैसे और कब लगी, इसके बारे में परिजनाें को कुछ पता नहीं चल सका। मृतक अजुध्या चौक में लस्सी की दुकान करते थे।

उनके पत्नी, चार पुत्री व एक पुत्र है। इनमें तीन पुत्रियों की शादी हो चुकी हैं। बाद में परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी है

परिजनों के मुताबिक, कुछ समय पहले उनके हाथ में फ्रेक्चर आ गया था। अभी हाल में ही उनके हाथ का प्लास्टर कटा था। उन्हें हाथ की मालिश करने के बाद उसे सेंकने की सलाह दी थी। इस वजह से उन्होंने अंगीठी जलाई थी।