जलालाबाद। बुधवार की देर शाम करीब छह बजे छत पर कपड़े लेने गई महिला पर अचानक बंदरों ने हमला कर दिया। इस दौरान महिला छत से नीचे गिर गई। घायल अवस्था में परिजन महिला को लेकर मुजफ्फरनगर प्राइवेट चिकित्सालय में पहुंचे, लेकिन महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

गांव कादरगढ़ निवासी चंद्र प्रकाश उर्फ बंटू शर्मा खेती-बाड़ी करते है। चंद्र प्रकाश के परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्र व एक पुत्री है। बुधवार की शाम करीब छह बजे चंद्र प्रकाश की पत्नी ममतेश शर्मा (40) धूप में सुखाए गए कपड़े लेने के लिए छत पर गई। उसी समय बंदरों के एक झुंड ने ममतेश पर हमला बोल दिया। इसी दौरान ममतेश जान बचाने के चक्कर में छत से नीचे गिर पड़ी।

शोर शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से महिला को उठाकर मुजफ्फरनगर प्राइवेट हॉस्पिटल जाने लगे। लेकिन रास्ते में ही गंभीर रूप से घायल ममतेश ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। ग्राम प्रधान प्रमोद राणा ने बताया कि गांव में काफी समय से बंदरों ने आतंक मचाया हुआ है। इस संध में ग्राम पंचायत की ओर से भी कई बार शिकायत की जा चुकी है ,लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।