शामली: शामली में कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी युवक की कांधला थाने में पत्नी से विवाद के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में पति की मौत हो गई। जिससे पुलिस में खलबली मच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी इस्तखार पुत्र मंजूर जनपद सहारनपुर के गांव नवाजपुर निवासी महिला महफूजा पुत्री लिल्लू के साथ छह माह पूर्व शादी की थी। महिला ने इस्तखार पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए थाने पर शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। मामले में इस्तखार ने न्यायालय से अपनी जमानत करा ली थी। बाद में महिला ने इस्तखार पर रुपये हड़पने व मारपीट करने का आरोप लगाया था।
वहीं, बुधवार शाम करीब छह बजे महिला अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंची। पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। कुछ देर बाद महिला का पति इस्तखार भी थाने पहुंचा। इसके बाद दोनों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। इसी दौरान अचानक ही इस्तखार की मौत हो गई। पुलिस ने उसको तुरंत ही कस्बे के सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने इस्तखार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की सूचना पर सीओ भी मौके पर पहुंच गए थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि पत्नी और पति के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। दोनों के बीच सुलह करा दी थी। थाने से जाते समय अचानक ही इस्तखार की मौत हुई। डाॅ. रामबीर सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मरने के सही कारण का पता लग सकेगा