शामली। कांधला थानाक्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी आरती की शादी सात वर्ष पूर्व जनपद बागपत के थाना दोघट क्षेत्र के गांव निरपुड़ा निवासी सतबीर के साथ हुई थी। शादी के बाद आरती ने तीन संतान को जन्म दिया। पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। इस मनमुटाव के चलते आरती भैयादूज पर अपने मायके आई और ससुराल नहीं गई। मंगलवार शाम को सतबीर अपनी ससुराल आया था। बुधवार सुबह ससुराल वालों के साथ उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान पेट में धारदार हथियार रांपी घुसने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

आरोप है कि बुधवार को षड्यंत्र के तहत आरती ने अपने भाइयों विकास, सूरज व विशाल के साथ मिलकर सतबीर पर रांपी, चाकू से हमला कर दिया और लाठी डंडों से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। कांधला थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक पक्ष की तरफ से पत्नी व उसके भाइयों पर युवक की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

मृतक सतबीर के परिजनों ने बताया कि उसने घटना से करीब एक घंटा पहले फोन पर अपनी मां से बात की थी। उसने बताया था कि उसका ससुराल वाले उसके साथ झगड़ा कर रहे हैं और वह वापस घर आ रहा है। इसके बाद उसके मरने की खबर परिजनों को मिली। युवक की मौत होने की सूचना पर परिजनों में गम का माहौल बन गया।