शामली । गांव कादरगढ़ में बुधवार शाम बंदरों के हमले में छत से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा है। वहीं क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे बंदरों के हमलों से परेशान लोगों ने प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की है।
थानाभवन क्षेत्र के गांव कादरगढ़ निवासी चंद्र प्रकाश शर्मा की पत्नी 50 वर्षीय कमलेश शाम करीब पांच बजे छत पर कपड़े फैलाने के लिए गई थी। इसी दौरान छत पर बैठे बंदरों ने उन पर हमला कर दिया।
बंदरों से बचने को जैसे ही कमलेश भागने लगी तो अचानक अनियंत्रित होकर छत से गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल को परिजनों ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया, जहां से उनको हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मुजफ्फरनगर ले जाते समय कमलेश ने दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं नगर और क्षेत्र में बंदरों के हमलों से कई बच्चे, महिला और पुरुष घायल हो चुके हैं।
लोगों का कहना है कि आसपास क्षेत्र के लोगों द्वारा बंदरों को पकड़कर थानाभवन के आसपास जंगलों में छोड़ दिया जा रहा है। जो नगर और ग्रामीण क्षेत्र में घुसकर लोगों पर हमला कर रहे हैं।