शामली। मंगलवार दोपहर यमुना नदी में नहाते समय हरियाणा के जनपद पानीपत निवासी तीन दोस्त डूब गए। समय रहते गोताखोरों ने एक युवक को सकुशल यमुना से बाहर निकाल लिया। जबकि करीब एक घंटे बाद गोताखोरों ने दो युवकों के शवों को यमुना से बाहर निकाला। मृतक 11वीं और 12वीं के छात्र थे। सूचना पर पानीपत से परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे।

मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे हरियाणा के पानीपत की विद्या नगर काॅलोनी निवासी प्रिंस (20), विकास (18) और शिवा यमुना में नहाने आए थे। तीनों दोस्त हरियाणा की साइड पुल से करीब 700 मीटर पहले यमुना में नहाने लगे। इस दौरान तीनों दोस्त पानी में डूबने लगे। यमुना किनारे प्लेज लगा रहे किसानों ने शोर मचा दिया। मौके पर आए गोताखोरों ने यमुना में छलांग लगा दी। शिवा को समय रहते गोताखोरों ने यमुना से सकुशल बाहर निकाल लिया। लेकिन प्रिंस व विकास का पता नहीं चला।

सूचना पर कोतवाली प्रभारी विरेन्द्र सिंह कसाना मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने प्रिंस व विकास के शवों को यमुना से बाहर निकाला। सूचना पर परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस ने दोनों युवकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

परिजनों ने बताया कि प्रिंस मॉडल संस्कृति स्कूल पानीपत में कक्षा 11 और विकास राजकीय इंटर कॉलेज पानीपत में कक्षा 12 वीं का छात्र था। जबकि शिवा भी राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा 12 वीं का छात्र है। तीनों के बीच गहरा याराना था। जिसके कारण वह अक्सर साथ ही रहते थे।