शामली। शहर में सोशल मीडिया पर प्रेमी युगल का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में लड़की कह रही है कि वह अपने घर से अपनी मर्जी से आई है। जिसके साथ वह आई है, उसने ही उसे बुलाया था और उसका कोई कसूर नहीं है। वायरल वीडियो में लड़की के साथ लड़का भी दिखाई दे रहा है।
सोशल मीडिया पर 49 सेकंड की वायरल वीडियो में लड़की अपने को झिंझाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी बताते हुए कह रही है कि वह अपनी मर्जी से नवंबर 2021 में अपने घर से आई थी। इसमें किसी की न कोई जबरदस्ती है और न ही किसी की चाल है।
उसका कहना है कि उसने ही लड़के को बुलाया था और अपनी मर्जी से उसके साथ आई हूं। लड़की कह रही है कि उसके परिजनों ने दिसंबर में रिश्ता तय कर दिया था, जिससे रिश्ता तय हुआ है, उस लड़के को वह पसंद नहीं करती। इसलिए वह घर से आई और उसने अपनी पसंद के लड़के से शादी कर ली है।
लड़की का कहना है कि अगर किसी ने उन्हें ढूंढने की कोशिश की या परेशान करने की कोशिश की तो वे आत्महत्या कर लेंगे। उनकी मौत के जिम्मेदार पुलिस और उसके परिवार के लोग होंगे।