कैराना। कांवड़ यात्रा व जुमे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मार्ग पर पड़ने वाले धार्मिक स्थलों के आसपास आरआरएफ व पुलिस के जवान सुरक्षा की दृष्टि से तैनात रहे।

शुक्रवार दोपहर कैराना नगर की प्रमुख जामा मस्जिद, शामली बस स्टैंड के निकट बीबो वाली मस्जिद, सराय वाली मस्जिद, ईदगाह वाली मस्जिद, मदरसा इशातुल इस्लाम, मोहल्ला छड़ियां स्थित कुरैशियान वाली मस्जिद व दरबार वाली मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा कराई गई। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी धार्मिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती गई। धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से आरआरएफ व पुलिस के जवान तैनात रहे। सभी स्थानों पर जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। नमाज के बाद मस्जिदों में देशभर में अमन चैन, भाईचारे व खुशहाली की दुआएं की गई।

श्रावण मास में एक ओर हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। वहीं शुक्रवार को जुमे की नमाज के चलते पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारी भी निगरानी रख रहे हैं। दोपहर के समय डीएम जसजीत कौर, एसएसपी अभिषेक झा व एडिशनल ओपी सिंह कोतवाली में पहुंचे। जहां पर जुमे की नमाज एवं कांवड़ यात्रा को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों से क्षेत्र की हर गतिविधि की जानकारी लेते रहे। नमाज शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद दोनों अधिकारी वापस लौट गए।

कांवड़ यात्रा एवं जुमे की नमाज एक साथ होने के कारण पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त कर रखे थे। शुक्रवार सुबह ही मेरठ से आरआरएफ की एक कंपनी व (पीटीएस) पुलिस ट्रेनिंग संस्थान मेरठ से पुलिस के करीब 20 जवान कैराना कोतवाली पहुंच गए थे। सभी जवानों को पुलिस कर्मियों के साथ कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले धार्मिक स्थलों पर तैनात किया गया। इसके अलावा पहले से ही कैराना में पीएसी के जवान रिजर्व में रखे गए हैं।

पिछली बार कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग पर हरियाणा व अन्य स्थानों से आने वाले चार पहिया वाहनों के कारण शिव भक्तों के साथ सड़क दुर्घटनाएं हो गई थी, लेकिन अबकी बार पुलिस प्रशासन ने डाक कांवड़ चलने से पहले ही शुक्रवार को हरियाणा एवं अन्य स्थानों से आने वाले चार पहिया वाहन को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया। यूपी हरियाणा बॉर्डर पर हरियाणा की साइड कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान सुबह के समय पहुंच गए थे। जहां पर हरियाणा पुलिस के साथ समन्वय बनाकर बैरिकेडिंग लगाकर चार पहिया वाहनों को पूरी तरह रोक दिया गया। सभी वाहन संचालकों को करनाल से होकर जाने के लिए कहा गया। इसके अलावा कांधला शामली की ओर से आने वाले वाहनों को भी पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। रुट डायवर्जन के मुताबिक ही जाने की सलाह दी। वाहनों के प्रतिबंध के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।