शामली। सावन मास की चल रही कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए डीएम जसजीत कौर और एसएसपी अभिषेक ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्था का जायजा लिया। कैराना में एडीएम संतोष कुमार सिंह व एएसपी ओपी सिंह ने कांवड़ ड्यूटी को चेक किया।

डीएम और एसएसपी ने शनिवार रात कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने तथा कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर जनपद की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने शहर में शिव चौक पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता को परखा और शहर कोतवाली प्रभारी से कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित उपलब्ध संसाधन और समस्त तैयारियों की जानकारी ली। इसके बाद डीएम व एसएसपी ने एसटी तिराहा पुलिस चौकी पर बनाए गए कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।

इस दौरान दोनों अधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए और अधिक सतर्कता बरते जाने के निर्देश दिए। उधर, एएसपी ओपी सिंह और एडीएम संतोष कुमार सिंह ने कैराना क्षेत्र में कांवड़ ड्यूटी चेक की और ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।