शामली। हथिनीकुंड बैराज से यमुना में पानी छोड़े जाने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार की सुबह भी नदी में 27,249 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस पानी से यमुना के जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना है। हथिनीकुंड बैराज से यमुना में 352 क्यूसेक पानी निरंतर छोड़ा जाता जाता है। विगत कई दिनों से पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण हथिनीकुंड बैराज पर भी पानी का दबाव बढ़ने लगा है।
बैराज से लगातार छोड़े गए पानी से कैराना यमुना के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। शुक्रवार को कैराना में यमुना के पानी का स्तर 228.80 मीटर रहा। वहीं शुक्रवार की प्रातः 8 बजे बैराज से 27,249 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। यह पानी अगले 24 घंटे में कैराना यमुना पुल तक पहुंच जाएगा। इससे यहां यमुना के जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना है।
हालांकि खतरे की कोई बात नहीं है, क्योंकि यमुना का चेतावनी बिंदु 231 मीटर और खतरे का निशान 231.500 मीटर पर निर्धारित है। वही गुरुवार को बैराज से यमुना में सात हजार 575 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। ड्रेनेज विभाग के अवर अभियंता आशु कुमार के अनुसार शुक्रवार को बैराज से छोड़े गए पानी से कैराना में यमुना के बहाव में थोड़ी बहुत वृद्धि हो सकती है। हालांकि इससे खतरे की कोई बात नहीं है।