शामली. पूर्वी यमुना नहर में साथियों के साथ नहाते समय डूबे युवक का शव करीब 27 घंटे बाद करीब 15 फीट गहरे कुंड से बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक का शव मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
शहर के मोहल्ला अटल विहार पंसारियान निवासी 18 वर्षीय विशू सैनी गांव टिटौली निवासी अपने छह साथियों के साथ रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बजे गांव बधेव के निकट पूर्वी यमुना नहर में नहाने गया था। नहर में नहाते समय पैर फिसलने से वह पानी में डूब गया था। उसके साथियों ने थाने पहुंचकर विशू के नहर में डूबने की सूचना दी थी। पुलिस और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू की थी। कैराना से आए चार गोताखोर देर रात तक नहर में युवक की तलाश में लगे रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया था।
युवक के पिता सतीश की तरफ से उसके साथियों पर नहर में धक्का देकर मारने का शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके साथियों को हिरासत में ले लिया था। सोमवार सुबह फिर गोताखोरों की मदद से नहर में युवक की तलाश की गई। दोपहर बाद करीब तीन बजे रोहतक से ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ गोताखोर पहुंचा। उसने ऑक्सीजन सिलिंडर की मदद से तलाश की। करीब साढ़े तीन बजे तलाश के दौरान करीब 15 फीट गहरे कुंड में फंसे युवक का शव बरामद हुआ। युवक का शव मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुर हाल बना है। आदर्श मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।