शामली। पश्चिमी प्रदेश निर्माण मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव कर्नल सुधीर चौधरी के नेतृत्व में यात्रा सहारनपुर जिले के गंगोह से होते हुए शामली में गुरुद्वारा के पास पहुंची। यहां पर किसानों एवं गण्यमान्य लोगों ने यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा में संगठन ने 26 जिलों को जोड़कर नया प्रदेश बनाने की मांग की है।

यात्रा के संयोजक कर्नल सुधीर चौधरी ने कहा कि नए प्रदेश बनने से पश्चिम की तरक्की का रास्ता खुलेगा। बताया कि यात्रा शामली से चलकर 16 दिसंबर को मुजफ्फरनगर, 18 दिसंबर को बिजनौर पहुंचेगी। वहां से मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ, मेरठ मंडल होते हुए गाजियाबाद में 26 जनवरी को समापन होगा।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी प्रदेश निर्माण मोर्चा को राष्ट्रीय सयुंक्त किसान मोर्चा, किसान यूनियन, पूर्व सैनिक संगठन, अधिवक्ताओं समेत 16 संगठनों का समर्थन प्राप्त है। कहा कि पश्चिमी प्रदेश संगठन की लड़ाई युवाओं के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस मौके पर गठवाला खाप के चौधरी एवं भाकियू अराजनैतिक के संरक्षक राजेंद्र मलिक लिसाढ़, विश्व जाट एकता महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरपाल सिंह, किसान नेता राजवीर सिंह मुंडेट, शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक मलिक, चौधरी विनय कुमार भैंसवाल, सतेंद्र उर्फ पप्पू बधेव, सतवीर सिंह, बिल्लू सिखेड़ा, हरपाल सिंह, अरविंद झंझोट, प्रमोद कश्यप, नंदू कश्यप, सुरेश चंद, जसवीर सिंह आर्य, राजेंद्र सिंह तोमर आदि मौजूद रहे।