शामली. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ भारत जोड़ो यात्रा का यूपी में तीसरा दिन है। आज यात्रा की शुरुआत शामली जिले के ऐलम गांव से की गई। भारत जोड़ो यात्रा के मद्देनजर बुधवार को ही दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे पर यूपी रोडेवज समेत भारी वाहन बंद कर दिए गए थे। बसें बंद होने से सवारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आज पानीपत-खटीमा हाईवे और कांधला-कैराना मार्ग बंद रहेंगे। भारत जोड़ो यात्रा पानीपत जिले में प्रवेश करने के बाद हाईवे को खोला जाएगा।
शामली में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में हजारों लोगों के भोजन की व्यवस्था #RahulGandhi #Shamli #RahulGandhiinshamli #BharatJodoYatra #BharatJodoYatraInshamli #amrishbaliyan @RahulGandhi @INCIndia pic.twitter.com/uq8WIMDRKR
— ASB NEWS INDIA (@asbnewsindia) January 5, 2023
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के तहत आज ऊंचागांव पहुंचे हैं, जहां वह पांच से छह घंटे विश्राम करेंगे। राहुल के विश्राम स्थल पर वीआईपी कैंप के साथ ही कर्मचारियों के रुकने के लिए अलग कैंपस बनाया गया है। 10 बीघा भूमि पर खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। साथ ही खाना बनाने के लिए राजस्थान के 90 हलवाई लगे हुए हैं। जिड़ाना गांव में राहुल गांधी ने जाहिद हसन के परिवार से मुलाकात की। यहां तक तकरीबन 30 मिनट रुके और फिर कैंप चले गए।
मंगलवार को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा लोनी से शुरू होने के बाद दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे पर भारी वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। बुधवार को दिल्ली-शामली हाईवे को पूरी तरह भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया। यात्रा कांधला से कैराना की ओर रवाना होने के बाद दिल्ली-शामली हाईवे को भारी वाहनों के लिए खोला गया। दिल्ली हाईवे पर 50-60 यूपी रोडवेज की बसों की 100-125 ट्रिप और लोनी-शामली मार्ग की 45 मिनी बसों की 100 ट्रिप प्रतिदिन होती हैं। इन बसों में बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। हाईवे बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यूपी रोडवेज के शामली बस अड्डे के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि बुधवार को सुबह पांच बजे के करीब दिल्ली की ओर एक रोडवेज बस रवाना हुई थी। उसके बाद बलवा गेट के पास पुलिस प्रशासन ने दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसों समेत सभी भारी वाहनों को रोक दिया।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के मद्देनजर शामली से पानीपत-खटीमा हाईवे का रूट डायवर्जन किया गया है। शामली से पानीपत के लिए वाया करनाल होकर हरियाणा और यूपी की बसों को निकाला जा रहा है। हरियाणा के पानीपत डिपो के जीएम कुलदीप जांगड़ा ने बताया कि गुरुवार को पानीपत से शामली होकर हरिद्वार जाने वाली बसों को वाया करनाल संचालित किया जा रहा है। शामली से पानीपत रूट बंद कर दिया जाएगा।
राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा लेकर कैराना क्षेत्र के ऊंचागांव में पहुंचेंगे। जहां पर राहुल गांधी अपराह्न तीन बजे तक करीब पांच घंटे तक विश्राम करेंगे। उसके बाद भारत जोड़ो यात्रा कैराना से होते हुए यूपी हरियाणा बॉर्डर से हरियाणा राज्य में प्रवेश करेंगी। गुड़गांव के टेंट हाउस के मालिक अनिल राव ने बताया कि राहुल गांधी के लिए वीआईपी कैंपस व कर्मचारियों के लिए कैंपस बनाने के लिए करीब 400 कर्मचारी कार्य में जुटे थे। राहुल गांधी के लिए 100 गुणा 400 फुट में एक विशाल वीआईपी कैंप तैयार किया गया है। कार्यकर्ताओं के लिए 200 गुणा 400 फुट का कैंपस बनाया गया है। इसके 10 बीघा भूमि पर खाने के टेंट आदि लगाए गए हैं। चारों ओर बेरिकेडिंग लगाने के साथ ही ऊपर व साइडों में शामियाने लगाए गए हैं।
भारत जोड़ो यात्रा लेकर चल रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है। वहीं उनकी सुरक्षा के मद्देनजर बुधवार दोपहर को ऊंचागांव में वीआईपी कैंपस स्थल पर मेरठ से पहुंचे आरआरएएफ के 25 जवान तैनात हैं। आसपास गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
बुधवार को ऊंचागांव में पहुंचे राजस्थान के अजमेर के कस्बा बिहावर निवासी हलवाई महेंद्र ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में खाना बनाने के लिए उनकी दो यूनिट कार्य कर रही हैं। एक यूनिट ऊंचा गांव में वीआईपी व अन्य कर्मचारियों के लिए खाना बनाने के लिए पहुंची हैं। करीब चार ट्रकों में खाना बनाने का सामान लाया गया है। वह मोतीचूर का खुला लड्डू, दाल, हरी सब्जी, चपाती, पूरी व अन्य नमकीन सामग्री तैयार की जा रही है। राजस्थान से करीब 90 हलवाई की एक यूनिट ऊंचागांव में खाना बनाने के लिए ऊंचागांव में पहुंचकर जुटी हैं। हलवाई महेंद्र ने बताया कि वीआईपी व कर्मचारियों के लिए एक ही तरह के खाने की व्यवस्था की गई हैं।
ऊंचागांव निवासी किसान रामचंद्र सिंह ने बताया कि उनके द्वारा सड़क किनारे करीब पांच बीघा भूमि पर राहुल गांधी का वीआईपी कैंप बनाने के लिए फ्री में दी हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपनी जमीन का किराया नहीं लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा लेकर पहुंचे हैं। उन्हें बेहद खुशी हो रही है।