शामली. शामली में एक पेट्रोल पंप में 12 युवकों ने हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और हॉकी से लैस होकर आए युवकों ने पंप कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसमें 3 पंप कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। पंप कर्मियों को मुजफ्फरनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला देहली सहारनपुर हाइवे मार्ग के एक पेट्रोल पंप का है। घटना रविवार दोपहर की है।
फुटेज में दिख रहा है कि पहले 2 बाइक पर 5 लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर आते हैं। वे हाथों में लोहे की रॉड और डंडा लिए हुए हैं। वे पंप कर्मियों पर हमला कर देते हैं। पीछे से 7 युवक और आते हैं। पंप कर्मियों को लात घूंसों और लाठी डंडों से पीटते हैं।
पंप मैनेजर का कहना है, “पंप पर दो युवक पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए आए थे। खुले पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों युवकों की पंप कर्मी से कहासुनी हो गई। युवकों ने सेल्समैन की शर्ट फाड़ दी थी। पंप पर मौजूद लोगों ने किसी तरह से मामला शांत करा दिया। इसके बाद 4 बाइक पर युवक आए। सभी लाठी डंडों से लैस थे। बदमाशों ने पंप कर्मियों को जमकर पीटा।” फिलहाल पंप मालिक की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामले में ASP ओपी सिंह ने कहा, “थाना भवन के एक पेट्रोल पंप पर पंप कर्मियों से मारपीट की घटना हुई है। CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।”