शामली। जिले के रेलयात्रियों के लिए बुरी खबर है। शामली से दिल्ली के बीच तीन ट्रेनें रद्द होने के चलते यात्रियों को काफी परेशानियां उठानी पडी।
शामली व दिल्ली के बीच तीन ट्रेनें रद्द होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसकी वजह खेकड़ा व लोनी के बीच गेट नंबर दस पर अंडरपास का कार्य चलने के कारण तीन घंटे का ब्लॉक बताया गया।
पहले से ट्रेन रद्द होने की जानकारी न होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्हें स्टेशन से वापस आने को मजबूर होना पड़ा। यात्रियों को बस से दिल्ली जाना पड़ा।
सहारनपुर-शामली-दिल्ली रेलवे मार्ग पर ट्रेनों से यात्रियों का बड़ी संख्या में आवागमन होता है। रविवार को रोज चलने वाली तीन ट्रेनें शामली व दिल्ली के बीच रद्द होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। जो ट्रेनें रद्द हुई हैं, उनमें सहारनपुर से 04430 ट्रेन सुबह सात बजे चलकर 12.40 बजे दिल्ली पहुंचती है। यह ट्रेन शामली में 8.55 बजे पहुंचती है।
इस ट्रेन को शामली तक चलाया गया। इससे आगे दिल्ली तक रद्द रही। यही ट्रेन 04521 बनकर दिल्ली से 12.50 बजे सहारनपुर के लिए चलती है और शामली में 3ः30 बजे पहुंचती है। यह ट्रेन दिल्ली न पहुंचने के कारण रद्द रही, जिस कारण दिल्ली से शामली आने वाले यात्री भी परेशान रहे।
इस ट्रेन को शामली से 3ः35 बजे वापस सहारनपुर भेजा गया। इसके अलावा सुबह 9.55 बजे शामली से दिल्ली जाने वाली 04420 ट्रेन भी रद्द रही। इस ट्रेन का दिल्ली पहुंचने का समय 1.45 बजे है। इस तरह से शामली-दिल्ली के बीच चलने वाली तीन ट्रेनें रद्द रहने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
यात्रियों को स्टेशन पर पहुंचने के बाद ही ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी मिली और वहां से वापस आना पड़ा। इसके बाद यात्री बसों से दिल्ली रवाना हुए। कुछ यात्रियों ने तो दिल्ली जाने की यात्रा ही रद्द कर दी। यात्रियों का कहना था कि रेलवे की तरफ से पूर्व में ट्रेन रद होने की पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रविवार को खेकड़ा व लोनी के बीच खड़खड़ी हॉल्ट पर गेट नंबर दस पर अंडरपास का कार्य चलने की वजह से दोपहर 11.45 बजे से 2.45 बजे तक ब्लॉक रखा गया। जिस कारण शामली-दिल्ली के बीच ट्रेनें रद्द रहीं।