शामली. अवैध कालोनियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया गया है। शहर शामली में आठ अवैध कालोनियों को चिन्हित कर नोटिस भेजे गए हैं। इन अवैध कालोनियों पर जल्दी ही बुलडोजर चलाकर निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा। इसके लिए एमडीए के सचिव ने जिला-प्रशासन से फोर्स की डिमांड भी की है। पर्याप्त फोर्स उपलब्ध होने के उपरांत युद्धस्तर पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
जिले में अवैध कालोनियों की भरमार है। जिला-प्रशासन ने कालोनियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके तहत जहां जिलेभर में अवैध कालोनियों की जांच के लिए राजस्व टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, शहर शामली में एमडीए ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पिछले सप्ताह ही कांधला क्षेत्र में अवैध कालोनियों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण गिराया गया था, वहीं, अब शामली शहर में भी अवैध कालोनियों पर ध्वस्तीकरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। शामली सिटी की आठ कालोनियों को एमडीए ने नोटिस जारी करने समेत विभिन्न प्रक्रिया पूरी कर ली है।
एमडीए अफसरों ने दावा किया है कि अवैध कालोनियों पर बुलडोजर जल्दी ही चलाया जाएगा। इसी माह में किसी भी दिन यह कार्रवाई शुरू करा दी जाएगी। शहर शामली में रेलपार, झिझाना रोड, कैराना रोड, दयानंदनगर समेत एमडीए की जद में आई विभिन्न इलाकों में करीब आठ कालोनियों को नोटिस भेजे गए हैं। इन कालोनियों में अवैध निर्माण भी किया गया है। इसे गिराने के लिए तमाम प्रक्रियाएं पूरी करने के उपरांत फोर्स की मांग भी की गई है। एमडीए के अवर अभियंता राजीव त्यागी ने बताया कि आठ कालोनियों को चिन्हित कर नोटिस भेजे जा चुके हैं। इनमें कुछ कालोनियों में कार्य बंद है तो कुछ ने फिलहाल भी कार्य जारी रखा है। खेती की जमीन पर काटी जाती हैं कालोनियां
जिलेभर में ज्यादातर अवैध कालोनियां खेती की जमीन पर काटी जाती हैं। कालोनाइजर खेती की जमीन सस्ते दामों में खरीद लेते हैं। उसके बाद उस जमीन में प्लाट काटकर कालोनी बना देते हैं, लेकिन उसके लिए विभाग से अनुमति नहीं लेते। शहर के लोगों को अपने जाल में फंसाकर उन्हें प्लाट बेच देते हैं। सांठगांठ कर जिले में अवैध कालोनियों की भरमार है। अधिकांश कालोनियों को तो अकृषक की श्रेणी में भी नहीं कराया जाता है। —-
जांच पड़ताल के बिना न करें खरीदारी
एमडीए सचिव महेंद्र प्रसाद ने स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति प्लाट या मकान की खरीदारी करते समय जांच पड़ताल जरूर करें। शामली शहर में अवैध कालोनियों पर कार्रवाई की जा रही है। अवैध कालोनियों में प्लाट न खरीदें। कोई भी संपत्ति खरीदने से पहले संबंधित विभाग या राजस्व अधिकारियों से भी इसकी जानकारी की जा सकती है।
इन्होंने कहा..
अवैध कालोनियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शामली शहर में चिन्हित अवैध कालोनियों पर जल्द ही बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके लिए फोर्स की मांग की गई है। पर्याप्त फोर्स को साथ लेकर जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।