शामली : सोमवार को चौधरी चरण सिंह सन्देश रथ यात्रा का कांधला में दिल्ली सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष पहुंचने पर राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि किसानों के मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह के विचारों व संदेश को जन-जन तक गांव-गांव कस्बे कस्बे तक पहुंचाने के लिए चौधरी चरण सिंह संदेश रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
यात्रा सहारनपुर के शाकुंभरी देवी से प्रारंभ होकर थाना भवन शामली से होते हुए बागपत, बड़ौत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, गढ़, बुलंदशहर, गाजियाबाद आदि स्थानों पर जाएगी। यह पहले चरण की यात्रा है। जिसके बाद दूसरे चरण में यात्रा उत्तराखंड जाएगी।
दोनों चरणों की यात्रा पूर्ण होने के बाद 23 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी के जयंती के अवसर पर किसान घाट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की उपस्थिति में पदयात्रा संपन्न होगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष निरपाल सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी जगराज सिंह, राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर संजीव आर्य, राष्ट्रीय सचिव सतबीर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष दीपक तोमर, जिला पंचायत सदस्य अरविंद पंवार, सतबीर सिंह, सहित बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता मौजूद रहे।