शामली। जिले में इस साल मई के महीने में ही डेंगू का पहला केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। गांव लिलौन की बुजुर्ग महिला को बुखार होने पर परिजनों ने मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार कराया। वहां पर जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य टीम में गांव में पहुंचकर पीड़ित महिला से जानकारी ली और बचाव के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव कराते हुए लोगों को जागरूक किया।
जिले में मौसम में उतार चढ़ाव के साथ लोग बीमार हो रहे हैं। गर्मी में डायरिया, वायरल बुखार, टायफाइड, नजला, जुकाम व खांसी के मरीज बढ़े हैं। इसके साथ ही डेंगू का केस भी सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। वैसे तो डेंगू जुलाई से अक्तूबर माह के बीच फैलता है, लेकिन मई से ही इसका संभावना बनी रहती है। शामली क्षेत्र के गांव लिलौन निवासी 65 वर्षीय महिला को बुखार होने पर मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। वहां पर उसके रक्त के सैंपल की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। मेरठ के स्वास्थ्य विभाग से जिला स्वास्थ्य विभाग को डेंगू का केस मिलने की जानकारी मिली। स्वास्थ्य टीम ने गांव में पहुंचकर पीड़ित महिला के बारे में जानकारी ली और उनके घर के आसपास एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। ग्रामीणों को बुखार से बचाव के लिए जानकारी दी।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि गांव लिलौन की बुजुर्ग महिला को बुखार आया था। परिजनों ने मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार कराया। वहीं पर रक्त के सैंपल की जांच में डेंगू पाया गया। अब महिला ठीक है और घर पर है। उसे किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। जिला मलेरिया अधिकारी ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए मच्छर को पनपने से रोकें और उसके काटने से बचाव के लिए सभी जरूरी तरीके अपनाते हुए सावधानी बरतें।
दिन में काटता है एडीज मच्छर
डेगू एडीज मच्छर के काटने से होता है। इसकी खास बात ये है कि यह मच्छर दिन में काटता है, इसलिए दिन में भी मच्छरों से बचाव करने के लिए सावधानी बरतना जरूरी है। इसके साथ ही इसका मच्छर साफ पानी में पनपता है, इसलिए घर में कूलर, गमले या छत पर बर्तनों में पानी इकट्ठा न होने दे और उसे समय-समय पर बदलते रहे।
पिछले साल मिले थे डेंगू के रिकार्ड 300 केस
2011 में जिला बनने के बाद से पिछले साल 2021 में डेंगू के सबसे ज्यादा रिकार्ड 300 केस सामने आए थे। इससे पहले 2018 में 14 केस मिले थे। इस साल मई माह में डेंगू का पहला केस मिला है।
डेंगू के लक्षण
- ठंड लगने के साथ अचानक तेज बुखार के साथ बेचैनी होना
- सिर, मांस पेशियों और जोड़ों में दर्द होना।
- आंख के पिछले भाग में दर्द होना, जो आंखों के दबाने से बढ़ना।
- गले में हल्का दर्द होना।
- ज्यादा कमजोरी महसूस होना।
- भूख कम लगना, जी मिचलाना।
- मुंह का स्वाद खराब होना।
- शरीर पर लाल गुलाबी रैशे होना।
बचाव
- घर के आसपास साफ-सफाई रखे व पानी इकट्ठा न होने देे।
- कूलर व गमलों का पानी सप्ताह में बदले।
- पानी की टंकियों व बर्तनों को ढककर रखे।
- शरीर को ज्यादा से ज्यादा ढकने वाले कपड़े पहने।
- फ्रीज के नीचे रखी ट्रे के पानी को रोजाना खाली करें।
- चिकित्सक की सलाह से उपचार कराएं।
छह साल में मिले डेंगू के केस
2016 – 10
2017 – 05
2018 – 14
2019 – 08
2020 – 08
2021 – 300