शामली। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर थानाभवन थानाक्षेत्र में हींड पुलिया के निकट तेजी से आ रही नील गाय ई रिक्शा से टकरा गई। टक्कर लगने से ई रिक्शा पलट गई। हादसे में ई रिक्शा चालक और उसकी बेटी घायल हो गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव सिक्का निवासी किरणपाल सैनी (47) शनिवार शाम को अपनी 11 वर्षीय छोटी बेटी के साथ ई रिक्शा में थानाभवन घरेलू सामान लेने गए थे। रात करीब साढ़े आठ बजे थानाभवन से घर लौट रहा था।
जब वह थानाभवन थानाक्षेत्र में हींड पुलिया से थोड़ा आगे पहुंचा तो उसी समय एक नीलगाय खेतों में से निकलकर हाईवे पर तेजी से दौड़ती हुई आई और दूसरी साइड पर ई रिक्शा से टकरा गई। नील गाय की टक्कर से ई रिक्शा पलट गई। उसमें दबकर किरणपाल गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि उसकी बेटी भी चोट लगने से घायल हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नजदीक के निजी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के पांच पुत्री और एक छेटा पुत्र है। करीब 15 दिन पहले ही दो पुत्रियों की शादी हुई है। तीन पुत्री अविवाहित है और सबसे छोटा पुत्र सात साल का है।