
मुजफ्फरनगर| मुजफ्फरनगर जनपद निवासी एक किशोरी की शादी उसकी मां ने अपने दूसरे पति की मदद से करनी चाही, लेकिन किशोरी की दादी व अन्य परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शादी को रुकवा दिया। किशोरी को साथ रखने की बात पर विवाद बना है और किशोरी की दादी व अन्य रिश्तेदार थाने में डेरा डाले हुए हैं।
दिल्ली निवासी एक व्यक्ति का लगभग चार साल पहले अपनी पत्नी के साथ मनमुटाव के चलते संबंध विच्छेद हो गया था। उस समय एक बेटे-बेटी को छोड़ कर महिला चली गई थी। इन दोनों बच्चों का पालन पोषण पिता, दादी व अन्य रिश्तेदार कर रहे हैं।
उधर, कुछ ही दिनों बाद महिला ने भोपा निवासी एक युवक से दूसरी शादी कर ली थी, लेकिन महिला का अपने दोनों बच्चों के साथ मोबाइल पर संपर्क बना हुआ था। इसी के चलते उसकी बेटी(15) कई दिन पहले उससे मिलने के लिए भोपा आ गई थी।
आरोप है कि महिला ने अपने दूसरे पति की मदद से किशोरी की शादी तय कर दी। रविवार को शादी होनी थी। किशोरी की मां के घर मेहमानों का आना शुरू हो गया था। लेकिन इसी दौरान किसी तरह शादी की बात किशोरी के पिता, दादी आदि को मिल गई तो उन्होंने भोपा पुलिस को सूचना देकर शादी रुकवाने की मांग की। चूंकि मामला किशोरी की शादी का था तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शादी रुकवा दी और महिला व उसके पति आदि को शादी न करने की चेतावनी दी।
दोपहर के समय किशोरी की दादी सहित एक दर्जन परिजन भोपा थाने पहुंचे। उन्होंने कहा कि किशोरी व उसके भाई का पालन पोषण वह सभी कर रहे हैं। इसलिए किशोरी को उनके साथ भेजा जाए। थाना प्रभारी राजीव कुमार का कहना है कि अधिकारियों से इस बारे में बातचीत की जा रही है।
धमाकेदार ख़बरें
