शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी 11 मई 2022 को थानाभवन क्षेत्र के गांव मसावी निवासी असद से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज कम लाने को लेकर मारपीट करते हुए दो लाख रुपये व बुलेट की मांग कर रहे थे। देवर उस पर बुरी नीयत रखता था और मौका पाकर छेड़छाड़ करता था। जब उसने ससुराल वालों को बताया तो उसे ही धमकाया गया।
करीब छह माह पहले ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। तब से वह अपने मायके में रह रही थी। पीड़िता का कहना है कि 15 अक्तूबर 2023 की शाम को उसके माता-पिता फैक्टरी में मजदूरी करने गए थे। इसी समय उसका देवर जबरदस्ती घर में घुस गया और और छेड़खानी की। साथ में आए अन्य ससुराल वालों ने भी आकर उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि उसने महिला थाने पर शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एसपी को प्रार्थना पत्र दिया गया। पीड़िता की तरफ से पुलिस ने पति असद, सास फरजाना, देवर सोनू के अलावा इमरान, वासिफ, पप्पू, फूल मिजरा, यूनूस व शमशाद के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।