शामली।  कैराना के गांव मंडावर में ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा करने की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थी। कब्जाधारियों द्वारा मौके पर गेहूं की फसल उगाई गई थी। शुक्रवार को तहसीलदार अर्जुन सिंह चौहान राजस्व टीम एवं पुलिस बल के साथ में गांव में पहुंचे। जहां ग्राम सभा की भूमि की पैमाइश कराई गई, जिसके बाद दो ट्रैक्टर चलवा दिए गए। मौके पर खड़ी गेहूं की तमाम फसल को नष्ट कर दिया गया, जिसके बाद भूमि की मेड़बंदी करा दी गई। साथ ही दोबारा अवैध कब्जा करने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। तहसीलदार अर्जुन सिंह चौहान ने बताया कि गांव में 106 बीघा ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा था। फसल नष्ट करवाकर भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया है।