शामली। दिन-प्रतिदिन बढ़ती गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। झुलसाने वाली धूप के कहर के चलते लोगों का अपने घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। तेज धूप होने के कारण हवा भी इतनी गर्म होती है कि हीट स्ट्रोक होने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में मौसम विभाग की ओर से आने वाले अनुमान अच्छे नहीं हैं। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा। इससे आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
शनिवार को सुबह से ही मौसम इतना गर्म रहा कि लोग परेशान हो गए। आसमान में सूर्य के चढ़ते पारे ने पृथ्वी का तापमान भी बढ़ा दिया। अधिक तापमान होने के कारण उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशानी हुई। लोग शरीर को कपड़े से ढककर ही घरों से बाहर निकले। जिसके चलते सड़कें सूनीं नजर आई। बाजारों में सन्नाटा पसर गया। हवा के गर्म थपेड़ों ने लोगों की मुश्किलें और अधिक बढ़ा दी। लोग पसीने-पसीने हो गए। पंखों और कूलर से भी गर्मी से राहत नहीं मिली। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विवि मेरठ के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है। अभी बारिश की कोई उम्मीद नहीं है।
इस साल अप्रैल माह से ही तेज गर्मी शुरू हो गई थी। 29 अप्रैल का अधिकतम तापमान 43 डिग्री पहुंच गया था। जिससे लोग आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने की आशंका जताने लगे थे। लेकिन मई माह में कई बार बारिश होने से तापमान इतना नहीं बढ़ा। अब जून में फिर से अधिक गर्मी पड़ने की संभावना बढ़ गई है।
क्या न करें
– शरीर को पूरी तरह से बिना ढके हुए घर से बाहर न निकलें।
– गर्मी में यदि आप को कोई बहुत जरूरी काम नहीं है तो दिन में घर से बाहर धूप में न निकलें।
– धूप में से आने पर तुरंत ही ठंडा या फ्रिज का पानी न पिएं।
– तेज गति से बाइक या साइकिल न चलाएं। इससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है।
– टंकी में रखे पानी या तेज गर्म पानी से नहीं नहाएं। अत्यधिक ठंडा पानी न पिएं।
– बाजार में बिकने वाले जूस, पुदीना पानी और बाहर के तले हुए भोजन से परहेज करें।
क्या करें
– शरीर को पूरी तरह से ढक कर रखें।
– घर का बना हुआ भोजन ही करें।
– बाहर का कुछ भी खाने से परहेज करें।
– अपने साथ पानी की एक बोतल रखें।
– बहुत गर्मी में काम करने से बचें।
– बाहर निकलते समय सिर पर गमछा, स्टॉल या टोपी का प्रयोग करें।