शामली। कस्बे के बाईपास मार्ग निवासी महिला ने अपने दामाद सहित उसके दो साथियों पर पुत्री व पुत्रवधू के साथ गाली-गलौज, मारपीट व छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर छानबीन शुरू कर दी है।

कस्बे के बाईपास मार्ग निवासी एक महिला ने बताया कि उसकी पुत्री मायके में रह रही है।बृहस्पतिवार को उसका दामाद अपने दो साथियों के साथ पीड़िता के घर पर पहुंचा। जब पीड़िता ने अपने दामाद को अपनी पुत्री को ले जाने के लिए कहा तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने के लिए पीड़िता की दूसरी पुत्री व पुत्रवधू पहुंची तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और दामाद के साथियों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर तीनों आरोपी कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित महिला ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि महिला की तहरीर मिली है और जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।