शामली, कांधला। कस्बे के रेलवे मार्ग पर छोटी नहर पुल के चौड़ीकरण को लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करते हुए पालिका और व्यापार मंडल से चौड़ीकरण के कार्य में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुल के चौड़ीकरण का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
कस्बे के रेलवे मार्ग पर छोटी नहर पुल का चौड़ीकरण न होने से आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम की स्थिति बनी होने के कारण कई बार हादसे भी हो चुके हैं। समस्या के निस्तारण के लिए कई बार कस्बे के लोगों सहित व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष ईश्वर दयाल कंसल ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ मिलकर डीएम व जनप्रतिनिधियों से पुल चौड़ीकरण को लेकर कई बार मांग कर चुके है। लगातार कस्बे के लोगों की परेशानियों को देखते हुए पूर्व में भाजपा विधायक रहे तेजेंद्र निर्वाल के प्रयासों से पुल चौड़ीकरण का प्रस्ताव पास हुआ था।
शनिवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने छोटी नहर पुल के चौड़ीकरण का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। सिंचाई विभाग के बागपत एसडीओ आकाश कुमार, जेई अतुल कुमार ने मौके पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी ईश्वर दयाल कंसल, श्रीनिवास और नगर पालिका प्रशासन सहित विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर वार्ता की। पुल चौड़ीकरण के दौरान आई समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराकर सहयोग की अपील भी की गई। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही पुल चौड़ीकरण का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।