शामली जनपद के कांधला कस्बे में मोहल्ला शेखजादगान में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगो ने ससुराल पक्ष पर महिला की हत्या की आशंका व्यक्त कर पुलिस को सूचना दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान निवासी संदीप की शादी जनपद सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र की संगीता 36 वर्ष पुत्री पवन कुमार के साथ हुई थी। मंगलवार सुबह महिला किसी कार्य के लिए छत पर गई हुई थी।

अचानक वहां महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोगों ने मामले की सूचना संगीता के परिजनों को दी। सूचना पर मृतक महिला के परिजनों ने पहुंचकर पुलिस को अवगत कराया।

मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के समय से ही ससुराल पक्ष के लोगों का रवैया संगीता के लिए सही नहीं था।ससुराल पक्ष के लोगों के द्वारा उसे शारीरिक एवं मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्हें आशंका है कि संगीता की ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या की है।

मायके पक्ष के लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की। समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पीएम के लिए भेज दिया है।

प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।