शामली। उत्तर प्रदेश के शामली में आज सुबह एक हादसा हुआ। थाना भवन कस्बे की प्राइमरी पाठशाला नम्बर एक में गुरुवार को मिड डे मील बनाते समय प्रेशर कुकर फटने से तीन भोजन माता झुलस गईं। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार नगर की प्राइमरी पाठशाला नम्बर एक में भोजन माता सोमती देवी, मुनेष देवी व कविता रानी बच्चों के लिए भोजन बना रही थीं।
अचानक गैस पर रखा दाल से भरा कुकर फट गया और गर्म दाल माताओं के ऊपर जा गिरी, जिससे तीनों झुलस गई। तेज आवाज के कारण विद्यालय मे खलबली मच गई। झुलसी महिलाओं को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य नीरज चौधरी अवकाश पर थीं। कार्यवाहक प्रधानाचार्य रजनी पुण्डीर ने कहा बड़ा हादसा होने से बच गया। भगवान का आशीर्वाद रहा। बच्चे भी विद्यालय मे थे। बड़ा हादसा भी हो सकता था। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी।