शामली  :इनोवा से भाग रहे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। बताया गया कि सुबह 5:00 बजे पानीपत बाईपास पर पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें दो बदमाश घायल हुए हैं।, घायल दोनों बदमाशों को पुलिस ने सीएचसी पर भर्ती कराया गया। मुठभेड़ के दौरान एक उपनिरीक्षक भी गोली लगने से घायल हुआ है।

उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में सुबह के समय बकरियां चोरी करके इनोवा गाड़ी द्वारा भाग रहे दो बदमाशों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से चली गोली से दोनों बदमाश घायल हो गए, जबकि एक दरोगा भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

गुरुवार सुबह करीब 5:00 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश इनोवा गाड़ी से बकरिया चोरी करके भाग रहे हैं। पुलिस ने पानीपत बाईपास के पास इनोवा गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो बदमाश गाड़ी से उतरकर जंगल के रास्ते भागने लगे। पुलिस द्वारा घेराबंदी करने पर बदमाश ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिए।

पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। मुठभेड़ के दौरान पंजीठ चौंकी इंचार्ज उप निरीक्षक सुरेश वीर के हाथ में भी गोली लगी। पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार करने के साथ ही घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया।

कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र सिंह कसाना ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए बदमाशों के नाम कर्मवीर निवासी प्रभात नगर लुधियाना पंजाब और दिलीप होषराम निवासी महाराज नगर थाना भोपा जनपद मुजफ्फरनगर हाल निवासी लुधियाना है।

बताया गया कि दोनों बदमाश सात बकरियां चोरी करके इनोवा गाड़ी द्वारा भाग रहे थे। इसी दौरान पुलिस से मुठभेड़ हो गई। बदमाशों से तमंचे और कारतूस की बरामद हुए। दोनों बदमाशों के आपराधिक इतिहास के बारे में पता कराया जा रहा है।