शामली। कैराना नगर पालिका सीमा विस्तार के साथ जिले में लगभग 50 हजार मतदाता बढ़ने की संभावना है। कैराना के साथ शामली, कांधला नगर पालिका क्षेत्र में भी मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा बढ़ेगी। चुनाव की तैयारी के मद्देनजर जिले में 382 बीएलओ और 50 सुपरवाइजर मतदाता पुनरीक्षण अभियान में घर-घर जाकर मतदाता सूची के कार्य में जुटे हैं।
जिले के दस नगर निकायों में शामली, कांधला, कैराना नगर पालिका परिषद, एलम, जलालाबाद, ऊन, गढ़ीपुख्ता, बनत, झिंझाना और थानाभवन नगर निकाय शामिल है। नगर निकाय का कार्यकाल दिसंबर में पूरा हो रहा है। कैराना नगर पालिका परिषद का सीमा विस्तार करते हुए बाहरी कॉलोनी आर्यपुरी कैराना देहात, इस्लामनगर, बदलूगढ़, ब्लॉक कॉलोनी, गुलशननगर, रहमतनगर, सफा कॉलोनी, इस्सोपुर खुरगान रोड, रज्जाक नगर, सुंदर नगर आदि को शामिल किया गया है। जिसके बाद कैराना में तीन वार्ड और नौ बूथ बढ़ गए हैं। नगर निकायों के चुनाव के लिए जिला प्रशासन की ओर से मतदाता पुनरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है।

बीएलओ, सुपरवाइजर घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं। इसके बाद नई मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। नगर निकायों के वार्डों का परिसीमन बूथों का विस्तार, नगर निकायों के चेयरमैन का आरक्षण घोषित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य चुनाव आयोग ने वर्ष 2017 के मतदाता सूची, वार्डों के परिसीमन, बूथों का आंकलन के बाद एक बूथ पर 100 नए मतदाता बढ़ने का दावा किया है। नगर निकाय चुनाव 2017 स्थानीय नगर निकाय चुनाव कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार शामली जिले की दस नगर निकायों में कुल 301654 मतदाता और 375 बूथ थे।
चुनाव आयोग के अनुसार एक बूथ पर 100 नए मतदाता बढ़े तो जिले में 37500 बढ़ जाएंगे। जिले में नगर निकायों में कुल 3,50,000 मतदाता हो जाने की संभावना है। एडीएम संतोष कुमार सिंह का कहना है कि नगर निकायों में बीएलओ, सुपरवाइजर घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं। मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद बढ़े मतदाता सामने आएंगे। उन्होंने बताया कि नगर निकायों में महिला-पुरुषों के साथ पिछड़े और अनुसूचित जाति के मतदाताओं की गणना होगी।

वर्ष 2017 में जिले की नगर निकायों का आंकड़ा
कुल मतदाता- -301654
पुरुष मतदाता- – 159348
महिला मतदाता- -142306

कुल वार्ड -170
कुल बूथ- 375
निकाय वार्ड बूथ
कांधला- 25 41
कैराना 25 77
शामली 25 114
एलम 12 13
जलालाबाद 15 29
ऊन 12 15
गढ़ीपुख्ता 11 11
बनत 14 17
झिंझाना 14 20
थानाभवन 17 38
कुल 170 375