शामली। नववर्ष 2023 के जश्न की आड़ में हुड़दंग मचाने वाले लोगों पर पुलिस निगरानी रख रही है। शहर में प्रमुख चौराहों पुलिस ने वाहनों की चेकिंग की। डॉग स्कवाड से भी जगह-जगह जांच की जा रही है।
नए साल के आगाज पर होने वाले आयोजनों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है। कार व बाइक से स्टंट कर सड़क पर हुड़दंग मचाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। थाना पुलिस के अलावा यातायात पुलिस भी वाहनों की चेकिंग कर रही है। वाहन चालकों की ब्रेथ एनलाइजर से जांच की जा रही है। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में पुलिस गश्त कर रही है। छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए वर्दी के साथ सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी की तैनाती की गई है। खुराफातियों पर नजर रखने के लिए डॉग स्कवायड से भी पुलिस जगह-जगह जांच कर रही है।
यातायात प्रभारी संजय राणा ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर 154 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई है। इनमें बिना हेलमेट के 106, बिना सीट बेल्ट के 22, दुपहिया पर तीन सवारी के 10, नो पार्किंग के नौ, बिना डीएल के पांच, रांग साइड के दो चालान किए गए। सीओ सिटी बिजेंद्र सिंह भड़ाना ने बताया कि नए साल पर सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले से पुलिस सख्ती से निबटेगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है।