शामली। जिले में एक नया ब्लॉक बनाने की तैयारी शुरु हो गई है। इस संबंध में शासन की ओर से प्रशासन से रिपोर्ट मांगी गई है। प्रशासन ऊन ब्लॉक को विभाजित कर नया ब्लॉक सृजित करने पर विचार कर रहा है। जल्द ही इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा।
जिले में वर्तमान नें तीन तहसील में पांच ब्लॉक शामली, कैराना, कांधला, थानाभवन और ऊन है। जिनमें सबसे बड़ा ब्लॉक ऊन हैं। इस ब्लॉक में 71 गांव हैं। उत्तर प्रदेश के संयुक्त आयुक्त ग्राम्य विकास अवधेश सिंह की ओर से शासन को पत्र भेजकर नया ब्लॉक का सृजित करने के संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। जिस पर प्रशासन ने अपनी तैयारी शुरु कर दी है। जल्द ही ऊन ब्लॉक को विभाजित कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
शासन की ओर से शामली ब्लॉक के कुड़ाना और कांधला ब्लॉक के लिसाढ़ को मिलाकर नया ब्लॉक बनाने के प्रस्ताव पर प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है। शामली और कांधला ब्लॉक क्षेत्र में पहले ही गांवों की संख्या काफी कम है। शामली में 34 और कांधला ब्लॉक में 38 गांव हैं। ऐसे में इन दोनों ब्लॉक में से नया ब्लॉक सृजित करना संभव नहीं होगा। इन ब्लॉकों का क्षेत्रफल काफी कम हो जाएगा। ऐसे में प्रशासन भी ऊन ब्लॉक को विभाजित करने पर विचार कर रहा है।
ऊन ब्लॉक के विभाजन होने पर नया ब्लॉक बनेगा तो सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों को इसका इसका फायदा मिलेगा। चौसाना क्षेत्र के लोगों को ब्लॉक संबंधी कार्यों के लिए काफी दूर आना पड़ता है। नया ब्लॉक बनने से उन्हें काफी सहूलियत होगी। अपने कार्यों के लिए लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा।
विभाजन करने की दृष्टि से ऊन ब्लाॅक ही बेहतर है। क्योंकि यह ब्लॉक ही क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे बड़ा है। गांवों की संख्या भी काफी अधिक है। डीएम के साथ सभी तथ्यों पर विचार-विमर्श करके ऊन ब्लॉक क्षेत्र में नया ब्लॉक सृजित कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।- शंभूनाथ तिवारी, सीडीओ।
ब्लॉक और उनमें शामिल गांव
ब्लॉक गांव
ऊन 71
कांधला 38
शामली 34
थानाभवन 50
कैराना 42