शामली। गढ़ीपुख्ता थानाक्षेत्र के गांव मालेंडी निवासी सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक सहदेव सिंह के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाने पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुरादाबाद सिविल लाइंस के निरीक्षक कृष्ण अवतार की तरफ से गढ़ीपुख्ता थाने पर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2020 में सहदेव सिंह क्राइम ब्रांच जनपद संभल में तैनात थे। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत की जांच चल रही थी।
जांच में पाया गया कि आरोपी सहदेव सिंह को निर्धारित अवधि में वैद्य स्रोतों से 77 लाख 7 हजार 157 रुपये की आय हुई जबकि इस अवधि में उनके द्वारा चल-अचल संपत्ति के अर्जन और परिवार के भरण पोषण आदि मदों पर एक करोड़ 12 लाख 93 हजार 733 रुपये व्यय किए गए। जो आय के सापेक्ष व्यय 35,86,576 रुपये अधिक व्यय किया गया। इस अनुपातिक व्यय के संबंध में सहदेव सिंह कोई स्पष्टीकरण नहीं दे पाए।
इस मामले में सहदेव सिंह के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गढ़ीपुख्ता थाने पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। सीओ थानाभवन श्रेष्ठा ठाकुर ने बताया कि सेवानिवृत्त निरीक्षक सहदेव सिंह के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज हुई है।
सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर सहदेव सिंह का कहना है कि उसे राजनीति षड्यंत्र के तहत झूठा फंसाया गया था। उनसे स्पष्टीकरण नहीं मांगा गया और न ही एक साल से उन्हें कोई नोटिस दिया गया। उनके पास पैतृक मकान है और वे गांव में ही रहते हैं। उन्होंने कोई चल-अचल संपत्ति नहीं खरीदी। एक फ्लैट लिया है, उसे भी बैंक से ऋण लेकर लिया है। उन्हें प्रताड़ित करने के लिए उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सहदेव सिंह ने बताया कि वे एक साल पहले पीलीभीत से सेवानिवृत्त हुए हैं।