शामली,। सिंभालका फ्लाईओवर की सर्विस रोड भी जल्द तैयार हो जाएगी। सेपरेटर बनाने के बाद बजरी-तारकोल डालकर सड़क निर्माण होगा। एक-दो दिन में ही सर्विस रोड का काम शुरू हो जाएगा। वहीं, सहटा फ्लाईओवर पर गार्डर रखने के लिए क्रेन आ गई है।
दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईपास का निर्माण बलवा गांव से लेकर साईंधाम तक हो रहा है। सिंभालका में बाईपास मेरठ-करनाल हाईवे को क्रास कर रहा है और इससे यह हाईवे जुड़ रहा है। ऐसे में सिंभालका में फ्लाईओवर बन रहा है। कृष्णा कंस्ट्रक्शन के जितेंद्र बालियान ने बताया कि फ्लाईओवर के अप्रोच रोड पर मिट्टी भराव का काम पूरा हो चुका है।
पैराफिट पर बैरियर लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सर्विस रोड पर फ्लाईओवर की दीवार से आधा मीटर पर सेपरेटर लगाए जाएंगे, जो सुरक्षा के लिए लगते हैं। इसे डिवाइडर भी कहा जाता है। यह सेपरेटर डेढ़ फीट ऊंचा होगा। एक-दो दिन में इसका काम शुरू होगा और जल्दी ही सर्विस रोड को काला कर दिया जाएगा। दो से ढाई सप्ताह में फ्लाईओवर तैयार करने का प्रयास है।
सहटा में बन रहे फ्लाईओवर पर गार्डर रखने का काम शुक्रवार को शुरू हो जाएगा। इसके लिए क्रेन पहुंच गई है। दरअसल, बाईपास की कार्ययोजना में सहटा गांव में फ्लाईओवर प्रस्तावित नहीं था। तीन माह पहले ही निर्माण शुरू हुआ था।
वहीं, शुक्रवार को ही साईंधाम के पास करीब 250 मीटर का टुकड़े को बजरी-तारकोल डालकर काला किया जाएगा। यह अंतिम छोर का टुकड़ा है, जो दिल्ली-सहारनपुर हाईवे में मिलता है। इसी माह में बलवा रेलवे ओवरब्रिज और सहटा फ्लाईओवर को छोड़कर शेष फ्लाईओवर का काम पूरा करने का प्रयास है।