शामली। कैराना लोकसभा सीट पर सपा प्रत्याशी इकरा हसन ने भाजपा प्रत्याशी प्रदीप चौधरी को हराकर जीत दर्ज की। इकरा की उम्र सिर्फ 27 साल हैं। सपा जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी का कहना है कि बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और अन्य स्थानों पर जीते प्रत्याशियों की उम्र देखे तो सबसे कम उम्र इकरा की हैं। इकरा ने कम उम्र में सांसद बनकर सपा और कार्यकर्ताओं का नाम रोशन करने के साथ सभी की मेहनत भी सफल हो गई है।
भारी मतों से चुनाव जीतने के बाद समाजवादी पार्टी की कैराना सांसद इकरा हसन ने जनता का धन्यवाद देते हुए कहा कि मैं दिल की गहराइयों से सभी का धन्यवाद देती हूं। भाजपा के 400 पार के नारे पर उन्होंने कहा कि यह बीजेपी का फंडा था जो ध्वस्त हो गया है। कहा कि उनकी प्राथमिकता विकास के लिए रहेगी। लड़कियों के लिए शिक्षा की व्यवस्था उनकी पहली प्राथमिकता है।
किसानों के हित की लड़ाई लड़ते रहेंगे। किसानों के मुद्दों को संसद में उठाया जाएगा। भाजपा को हराने की जो यह मुहिम चली है, उसमें कैराना की जनता ने पहल की है। बिना किसी बड़े चेहरे के चुनाव जीतने पर उन्होंने कहा कि उन्होंने और उनके कार्यकर्ताओं ने मेहनत की है।
ऊपर वाला किसी भी मेहनत को खराब नहीं जाने देता। ऊपर वाला मेहनत का सभी को फल देता है और हमें भी अपना आशीर्वाद दिया है। महिलाओं ने मुझे बढ़-चढ कर वोट दिया है। अब मेरा फर्ज है कि मैं महिलाओं की आवाज तो उठाऊं और बढ़ चढ़कर उनके साथ दूं। क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।