शामली. शामली में मारपीट और फायरिंग के आरोपियों से हमदर्दी दिखाना चौकी इंचार्ज और थानाध्यक्ष को महंगा पड़ गया। पुलिस अधीक्षक ने दोनों को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही चौकी इंचार्ज और एसओ के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
मामला जनपद के थाना भवन थाना क्षेत्र के इस्लामपुर का है। जहां पर कुछ लोगों के बीच ईद के दौरान बच्चों के बीच खेल-खेल में विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों तरफ के लोग आपस में भिड़ गए। खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति को गोली लगी थी। वहीं 4 लोग घायल हो गए थे।
मामले में 6 लोगों के खिलाफ 307 का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें से पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया थ। लेकिन आरोप है कि चौकी इंचार्ज और थानाध्यक्ष ने मिलकर तीन आरोपियों को ही जेल भेजा। दो को थाने से ही छोड़ दिया।
पीड़ितों की शिकायत पर एसपी अभिषेक सिंह थानाध्यक्ष और चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया। मामले की जांच भी शुरू करा दी गई है कि कैसे 307 के आरोपियों को थाने से ही पुलिस ने छोड़ दिया।
हालांकि बाद में थानाध्यक्ष ने बचने के लिए दोनों आरोपियों को थाने में बुलाकर फोटो खिंचवाई। पुराने आरोपियों से फोटो मिलाकर अधिकारियों की आंख में धूल झोंकने का भी काम किया था। लेकिन फिर भी कार्रवाई हो गई।