शामली. पउप्र सयुंक्त उद्योग व्यापार मंडल की नवनिवार्चित प्रांतीय कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण व स्थापना दिवस हनुमान धाम स्थित अग्रसेन विवाह मंडप में आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने श्रम विभाग की ओर 20 लाख रुपये का दुघर्टना बीमा, लखनऊ में व्यापार भवन बनवाने की मांग की। व्यापारियों को आयुष्मान योजना से जोड़ने, शिक्षक और स्नातक एमएलसी की तर्ज पर व्यापारी एमएलसी घोषित किए जाने, मंडी शुल्क समाप्त करने और पंजीकृत व्यापारियों का स्टॉक का बीमा सरकारी स्तर पर किए जाने की मांग उठाई।
समारोह में मुख्य अतिथि लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर ब्रिजेश सिंह ने विपक्ष की सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि व्यापारियों ने गैर भाजपा सरकारों में सबसे ज्यादा उत्पीड़न झेला है। व्यापारियों से सबसे ज्यादा वसूली होती थी, इंस्पेक्टर राज हावी था। केंद्र की मोदी और प्रदेश में योगी की सरकार बनने के बाद अपराध और कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है।
कौशल विकास राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि मुजफ्फरनगर और शामली जिले की सीमा अलग-अलग है, मगर दोनों जिले एक है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और आम नागरिकों की सेवा, संघर्ष के लिए वह हमेशा तैयार हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यापारी हितों के लिए व्यापारी कल्याण बोर्ड बनाया। सरकार ने व्यापारियों, किसान गरीब मजदूरों के साथ समन्वय स्थापित करने का काम किया है।
इस मौके कैराना के क्षेत्र के सांसद प्रदीप चौधरी ने व्यापारियों से भाजपा की सरकार बनाने में योगदान देने पर आभार जताया। प्रदेश के पूर्व गन्ना मंत्री सुरेश राणा, चरथावल के विधायक पंकज मलिक, सदर विधायक प्रसन्न चौधरी, पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, रिटायर्ड आईजी विजय कुमार गर्ग ने विचार व्यक्त किए। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मंडल की पत्रिका का विमोचन किया। सहारनपुर के व्यापारियों की ओर से राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल को पगड़ी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर व पटका पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर संगठन के प्रदेशाध्यक्ष घनश्यामदास गर्ग ने सभी अतिथियों को शॉल, व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। संचालन जिलाध्यक्ष सूर्यवीर सिंह ने किया।