शामली। दो बेटी होने से ससुराल पक्ष के लोग खफा हो गए, जिसके बाद महिला अपने घर रहने लगी। आरोप है कि उसका पति मायके में आया और तीन तलाक देकर फरार हो गया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आदर्श मंडी क्षेत्र के गांव सिक्का निवासी फरजाना की शादी 10 साल पहले कांधला निवासी रिजवान के साथ हुई थी। पीड़िता ने एसएसपी अभिषेक को बताया कि उसकी दो बेटी है, जिस कारण ससुराल पक्ष के लोग उसकी पिटाई करते थे। इसके बाद वह अपने मायके चली गई।
आरोप है कि 23 नवंबर को उसका पति रिजवान आया और गाली-गलौज करने लगा। पीड़िता ने विरोध किया तो उसका पति तीन बार तलाक कहकर चला गया। एसएसपी ने आदर्श मंडी पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति रिजवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।