शामली. यमुना नदी के जलस्तर में एक बार फिर आधा मीटर से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही 9534 क्यूसेक पानी भी डिस्चार्ज किया गया है। हालांकि, क्षेत्र में कोई खतरा नहीं है।
कैराना क्षेत्र से गुजरने वाली यमुना नदी के जलस्तर में पिछले कई दिनों से गिरावट दर्ज की जा रही जा रही थी। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही वर्षा के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में गत दिवस 18728 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया था, जिस पर सोमवार को यमुना नदी के जलस्तर में 88 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई।
इसके बाद बहाव 228.80 मीटर से बढ़कर 229.68 मीटर पर पहुंच गया। जबकि चेतावनी बिंदु 231 मीटर व खतरे का निशान 231.500 मीटर पर है। उधर, ड्रेनेज विभाग के जेई आशु कुमार ने बताया कि सोमवार को हथिनीकुंड बैराज से यमुना में 9534 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे कोई खतरा नहीं है।